मानवता की मिसाल बनी गरियाबंद पुलिस
सुख नदी में बह रहे शिक्षक को पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बचाया
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश, नदी में बहते मिले नंदकुमार कंवर — सुरक्षित परिजनों को सौंपा
गरियाबंद/छुरा। गरियाबंद पुलिस ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए सुख नदी में बह रहे एक शिक्षक को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। समय पर पुलिस के मौके पर पहुंचने और ग्रामीणों के सहयोग से गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
नंदकुमार कंवर ग्राम सिवनी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। 17 अगस्त की सुबह वे अपनी मोटरसाइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने स्कूल स्टाफ, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 18 अगस्त को थाना छुरा में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुख नदी में बहते हुए नदी किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना छुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल एवं पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नदी में बह रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया।
इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, अमित जांगड़े, रूपेंद्र जैन सहित ग्रामीणों की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों की मानवता ने एक परिवार की खुशियां लौटाईं। गरियाबंद पुलिस की यह कार्रवाई निश्चित रूप से मानवता की मिसाल है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




