गरियाबंद के पर्यटन स्थलों पर पुलिस की सख्ती, हुड़दंग और नशाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई

SHARE:

गरियाबंद। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चींगरापगार, जतमई, घटारानी तथा विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वर नाथ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में कहा कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग मचाने, शराब या अन्य नशे का सेवन करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और शांत वातावरण मिल सके।

 

उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि गरियाबंद जिले की प्राकृतिक और धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता है और हर पर्यटक को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है।

 

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने आम नागरिकों और पर्यटकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि गरियाबंद अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है। इसे स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment