गरियाबंद-: जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुल्हाड़ीघाट कैंप से करीब 10 किलोमीटर दूर दड़ईपानी जंगल में संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षाबलों ने संभावित नक्सली वारदात की साजिश को विफल कर दिया।जानकारी के अनुसार एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध डंप होने की सूचना मिली। तलाशी लेने पर वहां से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों के उपयोग की वस्तुएं बरामद हुईं। बरामद सामग्री में करीब 15 मीटर कॉर्डेक्स वायर, डेढ़ किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (लगभग 5 किलोग्राम), छह बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल हैं। मौके पर मौजूद बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दोनों आईईडी को जंगल में ही नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से नष्ट कर दिया। अधिकारियों का मानना है कि नक्सलियों ने इन विस्फोटकों को किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखा था।
सुरक्षाबलों की सतर्कता और संयुक्त कार्रवाई से नक्सलियों की एक और बड़ी साजिश नाकाम हुई है। क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी है और सुरक्षा बल नक्सल गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




