खून से लिखी उम्मीद: अंधेरे से उजाले की मांग, अभ्यारण्य के ग्रामीणों ने PM मोदी को भेजे 500 रक्त-पत्र

SHARE:

गरियाबंद-:उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के भीतर बसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का वर्षों पुराना दर्द अब खून से लिखी पुकार बनकर देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचा है। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए दो दशक से संघर्ष कर रहे ग्रामीणों ने अड़गड़ी गांव में एकत्र होकर अपनी उंगलियों से खून निकाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के नाम 500 से अधिक पत्र लिखे।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2006 से लगातार आवेदन, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद आज तक उनके गांवों में बिजली नहीं पहुंच सकी है। अभ्यारण्य क्षेत्र होने के कारण विभिन्न नियमों और अनुमतियों का हवाला देकर हर बार मामला टाल दिया गया, जबकि गांव आज भी अंधेरे में डूबे हुए हैं।

अड़गड़ी गांव में आयोजित इस अनोखे अभियान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ग्रामीणों ने खून से लिखे पत्रों में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के दशकों बाद भी वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। बच्चों की पढ़ाई, किसानों की जरूरतें, मोबाइल संचार और स्वास्थ्य सेवाएं बिजली के अभाव में बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में आयोजित सुशासन तिहार में भी उन्होंने अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि अंतिम अनुमति केंद्र स्तर पर लंबित है। इसके बाद ग्रामीणों ने सीधे प्रधानमंत्री और NTCA तक अपनी बात पहुंचाने का फैसला लिया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि जब देश डिजिटल इंडिया और विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, तब उनके गांवों का अंधेरे में रहना विकास की तस्वीर पर बड़ा सवाल है। अब उन्हें उम्मीद है कि खून से लिखे गए ये पत्र सरकार और नीति-निर्माताओं का ध्यान उनकी ओर आकर्षित करेंगे और वर्षों से लंबित बिजली की मांग को जल्द मंजूरी मिलेगी।

 

“हम भी उजाले के हकदार हैं” — इसी संदेश के साथ अभ्यारण्य के ग्रामीणों ने अपने संघर्ष को नई दिशा देते हुए देश से न्याय की अपील की है।20 साल से बिजली की राह देख रहे उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य के ग्रामीण, बोले— “आवेदन नहीं सुने गए, अब खून से लिखी है अपनी पीड़ा”

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई