चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

SHARE:

पांडुका/छुरा-:पांडुका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरकड़ा के पास मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना में चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार छुरा थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी चंद्रहास कमार की थी। चंद्रहास कमार ने बताया कि वह अपने एक सगे संबंधी को छोड़ने कोपरा गए थे। वहां से वापस छुरा लौटते समय सरकड़ा ग्राम स्थित कार्तिक पुलिया के पास हनुमान मंदिर के समीप उनकी कार अचानक रुक गई। इसके बाद वाहन से धुआं निकलने लगा।

 

चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार में आग भड़क उठी। स्थिति को गंभीर देखते हुए चंद्रहास ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई।

 

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। बताया जा रहा है कि कार का नंबर CG 08 AT 8143 है तथा इसे वर्ष 2025 में ही खरीदा गया था।

 

घटना के बाद वाहन मालिक चंद्रहास कमार आग लगने के कारणों को लेकर हैरान हैं। उनका कहना है कि नई कार में अचानक आग लगना समझ से परे है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई