छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन गोबरा नवापारा में मौत से खिलवाड़: 40 फीट ऊंचाई पर बिना हेलमेट-बेल्ट काम कर रहे मजदूर, ठेकेदार और विभाग बेपरवाह

SHARE:

गोबरा नवापारा। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन गोबरा नवापारा के निर्माणाधीन गोदाम में मजदूरों की जान से खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है। पेट की आग बुझाने के लिए मजदूर 40 फीट ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम करने को मजबूर हैं। न सिर पर हेलमेट, न कमर में सेफ्टी बेल्ट और न ही नीचे सुरक्षा जाली की व्यवस्था। जरा सी चूक बड़े हादसे को न्योता दे रही है। मामला छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन गोबरा नवापारा के नए गोदाम निर्माण का है। यहां शेड और दीवार का काम चल रहा है। ग्राउंड से लगभग 40 फीट ऊपर लोहे के एंगल पर मजदूर बिना किसी सहारे के चल रहे हैं और वेल्डिंग-फिटिंग कर रहे हैं। ठेकेदार ने मजदूरों को न हेलमेट दिया, न सेफ्टी बेल्ट और न ही ऊंचाई पर काम के लिए जरूरी जाली लगवाई गई।सुरक्षा मानकों की अनदेखी कोई नई बात नहीं है। क्षेत्र में ही बीते दिनों सुरक्षा मानकों में अनदेखी से मजदूरों की मौत हो चुकी है। हर हादसे के बाद जांच और कार्रवाई की बात होती है, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस है। गोबरा नवापारा का यह निर्माण स्थल विभाग और ठेकेदार की बड़ी लापरवाही को उजागर कर रहा है। नियमानुसार 6 फीट से अधिक ऊंचाई पर काम करने वाले हर मजदूर को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स और नीचे सेफ्टी नेट देना अनिवार्य है। साथ ही साइट पर सेफ्टी ऑफिसर की तैनाती होनी चाहिए। लेकिन यहां मजदूर भगवान भरोसे काम कर रहे हैं।सवाल यह है कि अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो जिम्मेदार कौन होगा? ठेकेदार, छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अधिकारी या श्रम विभाग? स्थानीय लोगों ने कलेक्टर और श्रम विभाग से मांग की है कि तत्काल साइट का निरीक्षण कर सुरक्षा मानक सुनिश्चित कराए जाएं और लापरवाह ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई हो।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई