रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना और शराब के मुद्दे को लेकर जारी सियासत के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कांग्रेस परेशान है और जनता अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।सरगुजा में शराब को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन पर कांग्रेस के बयान का जवाब देते हुए अरुण साव ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में शराब बिक्री को बढ़ावा मिला और बड़े स्तर पर शराब घोटाले हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में गांव-गांव तक शराब पहुंचाई गई थी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार की महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसके अलावा 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला है। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास और योजनाओं के काम देख रही है और कांग्रेस के आरोपों को गंभीरता से नहीं ले रही।
=कांग्रेस की एकजुटता पर साधा निशाना=
सूरजपुर में कांग्रेस नेताओं के आंदोलन और एकजुटता पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस नेता आम जनता के मुद्दों पर कभी सक्रिय नहीं दिखते, लेकिन अपराध के मामलों में आरोपियों के समर्थन में एकजुट हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के समर्थन में आंदोलन किया जा रहा था, उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
=धार्मिक टिप्पणी पर जताई नाराजगी=
जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर कांग्रेस से जुड़े एक महंत की टिप्पणी को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हिंदू संतों और देवी-देवताओं पर टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी राजनीति का हिस्सा बन गया है। इससे कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा सामने आता है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के संत-महात्माओं पर अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।
एक्सप्रेसवे और विधायक-तहसीलदार विवाद पर भी बोले=
एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोले जाने के मामले में अरुण साव ने कहा कि सरकार पूरे विषय की गंभीरता से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।वहीं सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और तहसीलदार के बीच हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




