राजिम विधायक के “जूता-चप्पल” बयान पर भड़का तहसील पटवारी संघ छुरा, सुशासन तिहार के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान

SHARE:

राजिम विधायक के “जूता-चप्पल” बयान पर भड़का तहसील पटवारी संघ छुरा, सुशासन तिहार के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान

कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, तहसील से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक आंदोलन होगा तेज

गरियाबंद /छुरा-:सुशासन तिहार 2026 के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू के कथित “पटवारियों से जूता-चप्पल की भाषा में बात करनी पड़ेगी” बयान को लेकर तहसील पटवारी संघ छुरा में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्राम पटसिवनी में आयोजित कार्यक्रम के बाद संघ ने इसे राजस्व कर्मचारियों के सम्मान के खिलाफ बताते हुए सुशासन तिहार 2026 के सभी कार्यक्रमों के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया है।

तहसील पटवारी संघ छुरा द्वारा जिला कलेक्टर गरियाबंद के नाम ज्ञापन तैयार कर छुरा एसडीएम विशाल महाराणा को सौंपा गया। ज्ञापन में विधायक के कथित “जूता-चप्पल” बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा गया है कि इस प्रकार की भाषा शासकीय कर्मचारियों की गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।

संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मामले में उचित समाधान नहीं निकलेगा, तब तक सुशासन तिहार का बहिष्कार लगातार जारी रहेगा। साथ ही आंदोलन को तहसील स्तर से जिला स्तर और जिला से लेकर पूरे प्रदेश स्तर तक और तेज किया जाएगा।

पटवारी संघ का कहना है कि यह लड़ाई केवल एक कर्मचारी की नहीं, बल्कि पूरे राजस्व अमले के सम्मान और स्वाभिमान की है। इसलिए सभी पटवारी एकजुट होकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।

ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला राजस्व पटवारी संघ गरियाबंद, संभागीय अध्यक्ष रायपुर तथा प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ को भी भेजी गई है। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वहीं राजस्व कार्यों पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment