छोटे-छोटे खसरा टुकड़ों, फर्जी फसल और नामांतरण के खेल से सरकारी खजाने को करोड़ों की चपत
रायपुर/राजनांदगांव-:अभनपुर और कुरुद के बाद अब राजनांदगांव में भी भारतमाला परियोजना के तहत मुआवजा घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पूर्व मंत्री के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर और नान घोटाले के आरोपित रोशन चंद्राकर ने सड़क निर्माण से पहले जिन-जिन गांवों से भारतमाला परियोजना गुजरनी थी, वहां जमीन खरीदकर करोड़ों के मुआवजे का खेल रचा।
दस्तावेज से जानकारी क़े अनुसार ग्राम देवादा, पटवारी हल्का नंबर 63 में भूमि अर्जन मुआवजा वितरण में गंभीर अनियमितताएं की गईं।
आरजीएस कालोनाइजर प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े डायरेक्टरों ने जमीन को छोटे-छोटे खसरा टुकड़ों में बांटकर फर्जी फसल और पौधारोपण दर्शाया, साथ ही नामांतरण में हेरफेर कर शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
आरोप है कि खसरा नंबर 162, 130, 129, 128 और 127 की श्रृंखला में एक जैसे रकबे और मुआवजा पैटर्न बनाकर दोहराव भुगतान किए गए। इतना ही नहीं, दीप्ति, रोशन, सीमा और भूपेंद्र जैसे नामों में बदलाव कर अलग-अलग लाभार्थी बनाकर मुआवजा उठाया गया। कुल मुआवजा राशि 12.35 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
दस्तावेजों में ई-स्टाम्प और रजिस्ट्री रिकॉर्ड में भी अंतर पाया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। आशय पत्र 5 फरवरी 2018, प्रारंभिक प्रकाशन 9 मार्च 2018 और अवार्ड 25 फरवरी 2019 के बाद भी 2024 तक पुनः अवार्ड प्रक्रिया में संदिग्ध प्रविष्टियां दर्ज होने का आरोप है।
वहीं आधिकारिक रिकॉर्ड में अलग तारीखें सामने आने से मामला और पेचीदा हो गया है। रिकॉर्ड के अनुसार प्रारंभिक प्रकाशन 29 अप्रैल 2022 और तीसरा अवार्ड 14 अगस्त 2024 को पारित हुआ। इस दौरान नामांतरण, रजिस्ट्री और मुआवजा वितरण में कई बार संशोधन किए गए, जिससे रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की आशंका गहरा गई है।
दस्तावेजों के मुताबिक आरजीएस कालोनाइजर प्रा.लि. के डायरेक्टर बसंत कुमार जैन, देवेंद्र मध्यानी और भूपेंद्र चंद्राकर को अलग-अलग खातेदार दिखाकर मुआवजा लिया गया। एक ही फर्म की जमीन को डायरेक्टरों और उनके स्वजनों के नाम पर बेचकर अलग-अलग लाभार्थी बनाकर भुगतान कराया गया।
अब इस पूरे मामले ने भारतमाला परियोजना में मुआवजा वितरण की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




