इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम 3 हफ्तों के लिए बढ़ाया जाएगा,ट्रंप का ऐलान

SHARE:

वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम को 3 हफ्तों के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है। अभी यह 10 दिनों के लिए किया गया था। ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर बताया कि अमेरिकी अधिकारियों और इजरायल-लेबनान के राजदूत की दोनों देशों के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ ओवल ऑफिस में हुई बैठक के बाद यह फैसला किया गया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका लेबनान को हिज़्बुल्लाह से अपनी रक्षा करने में मदद करेगा।
बैठक में ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो, इजरायल में राजदूत माइक हकाबी, लेबनान में राजदूत मिशेल इस्सा और लेबनान-इजरायल के प्रतिनिधि शामिल थे। ट्रंप ने लिखा, बैठक बहुत अच्छी रही! अमेरिका, लेबनान को हिज़्बुल्लाह से अपनी रक्षा करने में मदद करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करेगा। इजरायल-लेबनान के बीच युद्धविराम को 3 हफ़्तों के लिए बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनानी राष्ट्रपति, जोसेफ़ आउन की मेजबानी करेंगे।
ट्रंप ने 16 अप्रैल को दोनों देशों के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी। उन्होंने ट्रुथ पर लिखा था, अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि वे 10 दिनों के युद्धविराम की शुरुआत करेंगे। यह युद्धविराम 25 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जो अब 3 हफ्तों के लिए बढ़ा दिया गया है।
ईरान युद्ध के दौरान ही इजरायल ने लेबनान पर भी हमला शुरू किया था, जिसमें लेबनान के सीमाई इलाकों और राजधानी बेरूत को भारी नुकसान पहुंचा है। लेबनान में अब तक 2,167 लोगों की मौत हो गई है और 7,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इजरायल ने हमेशा लेबनान में ईरान समर्थित सशस्त्र कट्टरपंथी समूह हिज्बुल्लाह के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है। अमेरिका-ईरान के बीच समझौते में लेबनान पर हमलों का मुद्दा भी एक गतिरोध रहा है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई