स्वास्थ्य और पोषण पर कलेक्टर उइके का सख्त रुख—कुपोषण मुक्त जिला बनाने के दिए निर्देश

SHARE:

गरियाबंद, कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, यूनिसेफ एवं सीजीएमएससी की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

 

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, कुपोषण उन्मूलन, मातृ-शिशु सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, सिविल सर्जन यशवंत कुमार ध्रुव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर उइके ने स्पष्ट कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

 

कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अस्पतालों की अधोसंरचना सुदृढ़ करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने, एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने और गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर जमीनी स्तर पर सेवाओं का नियमित मूल्यांकन करने पर जोर दिया।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कुपोषण, एनीमिया, पोषण पुनर्वास केंद्र, वजन त्यौहार, पूरक पोषण आहार और पोषण ट्रैकर की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी, बिजली, साफ-सफाई और एलपीजी कनेक्शन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, सुकन्या समृद्धि, नोनी सुरक्षा, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, कन्या विवाह योजना, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो प्रकरण, महिला कोष, चाइल्ड हेल्पलाइन, सखी वन स्टॉप सेंटर और नवा बिहान जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

 

अंत में कलेक्टर उइके ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाते हुए कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई