मुख्यधारा की ओर लौटता विश्वास, 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

SHARE:

मुख्यधारा की ओर लौटता विश्वास: 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

रायपुर: छत्तीसगढ़ में शांति, विकास और विश्वास की नई तस्वीर सामने आई है। बीजापुर और कांकेर जिलों से आए 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर मुख्यधारा में लौटने की खुशी साझा की।

मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से उनके पुराने जीवन और वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। संवाद के दौरान नक्सलियों ने बताया कि अब उनका जीवन पूरी तरह बदल चुका है—जहां पहले वे जंगलों में भय और असुरक्षा के बीच रहते थे, वहीं अब परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि उनके क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे जीवन आसान हुआ है। कुछ आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने पहली बार होली जैसे त्योहार को परिवार के साथ मनाया, जो उनके लिए एक नया और सुखद अनुभव रहा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल व्यक्तिगत बदलाव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि संविधान पर विश्वास जताकर सभी ने समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद उन्मूलन के संकल्प को जल्द ही पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक भी उपस्थित रहीं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई