गरियाबंद/धमतरी-:शादी के चौथिया (परघनी) कार्यक्रम में नाच-गाने की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली धक्का-मुक्की का विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। थाना क्षेत्र मगरलोड अंतर्गत ग्राम भोथीडीह में हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर घेराबंदी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं।
*क्या है पूरा मामला*
प्रार्थी टेटकूराम निषाद (50 वर्ष), निवासी मालगांव, थाना गरियाबंद, अपनी पुत्री के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम भोथीडीह आए थे।
रात्रि लगभग 8 बजे बाजार चौक के पास परघनी कार्यक्रम के दौरान नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान वधू पक्ष के युवकों और बाजा पार्टी के सदस्यों के बीच धक्का लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि आरोपियों ने एकराय होकर चंदन निषाद एवं तरुण ध्रुव पर चाकू से प्राणघातक वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल चंदन निषाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई*
घटना की सूचना मिलते ही थाना मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की। रातभर की मशक्कत, पूछताछ और घेराबंदी के बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे में नहीं थे और उनका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया है।
*गिरफ्तार आरोपी*
तोषण चक्रधारी (18 वर्ष 4 माह)
अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष 4 माह)
ताम्रज कंवर (18 वर्ष 3 माह)
गुलाब दीवान (20 वर्ष)
सभी निवासी – ग्राम भोथीडीह, थाना मगरलोड, जिला धमतरी
साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक कार्यवाही की जा रही है।
*दर्ज धाराएं*
आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 190, 109, 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
*सवाल उठता है…*
क्या मामूली धक्का-मुक्की के विवाद में एक युवा की जान चली जाना समाज में बढ़ती असहिष्णुता और क्षणिक आवेश की भयावह तस्वीर नहीं है?
शादी समारोह की खुशियों के बीच घटी इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




