शादी के दबाव से बौखलाए प्रेमी ने दोस्तों संग रची साजिश, गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या, दो माह बाद कंकाल से खुला राज
रायपुर -:छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी के लिए दबाव बना रही गर्लफ्रेंड से छुटकारा पाने के लिए एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया और सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
लेकिन करीब दो महीने बाद खेत में मिले मानव कंकाल ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
यह सनसनीखेज मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के बड़े कापसी गांव का है। पुलिस जांच में मृतिका की पहचान संगीता उसेंडी (22 वर्ष) के रूप में हुई, जो इसी गांव की रहने वाली थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में—
➡️ दिनेश दुग्गा (21 वर्ष) – मृतिका का प्रेमी
➡️ समनदीप पन्ना (20 वर्ष) – दिनेश का दोस्त
➡️ एक नाबालिग आरोपी
तीनों आरोपी साहडोंगरी गांव के निवासी हैं। मुख्य आरोपी दिनेश दुग्गा कॉलेज का फाइनल ईयर का छात्र बताया जा रहा है।
2–3 साल का प्रेम संबंध, शादी बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, दिनेश और संगीता के बीच पिछले 2 से 3 वर्षों से प्रेम संबंध था। शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ संगीता दिनेश पर शादी का दबाव बनाने लगी।
दिनेश शादी नहीं करना चाहता था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा। शादी का दबाव दिनेश को इतना नागवार गुजरा कि उसने संगीता को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मिलने के बहाने बुलाया, खेत में ले जाकर उतारा मौत के घाट
दिनेश ने अपने दोस्त समनदीप और नाबालिग के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई। 16 नवंबर 2025 को संगीता को मिलने के बहाने घर से बाहर बुलाया गया। इसके बाद उसे खेत की ओर ले जाया गया, जहां पहले से दोनों साथी मौजूद थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि—
▪️ दिनेश ने संगीता का पैर पकड़ा
▪️ दूसरे आरोपी ने उसका मुंह दबाया
▪️ नाबालिग आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी
हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया और पहचान छिपाने के लिए संगीता का मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
कंकाल मिलने से टूटी चुप्पी, पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल
करीब दो महीने बाद खेत में मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की और कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह वारदात न सिर्फ रिश्तों में टूटते भरोसे की कहानी है, बल्कि यह भी दिखाती है कि प्यार जब स्वार्थ और डर में बदल जाए, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




