गरियाबंद -:जिले के खरीपथरा गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। महज 12 साल के सोहन यादव ने पढ़ाई को लेकर नाराज़गी के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद गांव में शोक और सदमे का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, सोहन स्वभाव से जिद्दी था और स्कूल जाने से अक्सर कतराता था। पिता भुवन यादव ने बताया कि बच्चा 6–7 दिनों में मुश्किल से एक दिन ही स्कूल जाता था।
जब भी उसे पढ़ाई के लिए कहा जाता, वह नाराज़ हो जाता था।
बताया जा रहा है कि बीते दिन भी स्कूल जाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सोहन रूठ गया। दोपहर में माता-पिता गाय चराने के लिए बाहर चले गए। उसी दौरान शाम करीब 4 बजे सोहन ने घर के पास एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में बच्चे ने क्यों और कैसे इतना बड़ा कदम उठाया, यह समझ से परे है। क्षेत्र में यह घटना चर्चा का गंभीर विषय बन गई है।
गांव वालों ने घटना को दिल दहला देने वाला बताया और कहा कि बच्चों की मानसिक स्थिति, पढ़ाई का दबाव और परिजनों का व्यवहार कितना असर डालता है, यह इस घटना से साफ झलकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




