58 स्वयंसेवक सिर्रीकला के लिए रवाना, जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना
फिंगेश्वर-:फणीकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय फिंगेश्वर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुआ। शिविर में भाग लेने के लिए 58 स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं महाविद्यालय परिसर से ग्राम सिर्रीकला के लिए रवाना हुए।प्रस्थान से पूर्व आयोजित संक्षिप्त समारोह में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश यादव, समाजसेवी धनंजय हरित तथा पूर्व सरपंच सियाराम ध्रुव ने पूजा-अर्चना कर श्रीफल फोड़ते हुए बस को हरी झंडी दिखाकर शिविर दल को रवाना किया।एनएसएस के सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवक ग्राम स्तर पर स्वच्छता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ संचालित करेंगे। गांव के प्रमुख चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जागरूकता चर्चा सत्रों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा।शिविर प्रभारी ने बताया कि इन सात दिनों में स्वयंसेवकों को नेतृत्व कौशल, सामाजिक समरसता, सामुदायिक सहयोग, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यवहारिक सीख से जोड़ा जाएगा, ताकि युवाओं में सेवा भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता का विस्तार हो।
एनएसएस युवा समाज की उम्मीद और ताकत : राजू साहू
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू ने कहा, “एनएसएस के युवा हमारे समाज की उम्मीद और ताकत हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और जनजागरूकता जैसे विषयों पर कार्य करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। महाविद्यालय के स्वयंसेवक जिस समर्पण के साथ सिर्रीकला के लिए रवाना हुए हैं, वह सराहनीय है। यह शिविर निश्चित रूप से गांव में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। मैं सभी स्वयंसेवकों को सफल शिविर और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं।”
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




