ब्रेकिंग हादसा: नशेड़ी चालक की लापरवाही से थ्रेसर पलटा — दो ग्रामीणों की मौत, नाबालिग गंभीर

SHARE:

गरियाबंद-:छुरा विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी गोंड़ में 10 नवंबर को दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें थ्रेसर पलटने से दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण धान मिंजाई कर लौट रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत चालक लोकेश सोरी द्वारा चलाए जा रहे ट्रेक्टर (क्रमांक CG04 LD 2607) का थ्रेसर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसा बेहद भीषण था, जिससे कैलाश पिता जबलराम नेताम (उम्र 21 वर्ष) और कार्तिक पिता ओभीराम (उम्र 45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं भवानी शंकर पिता हिरण मरकाम, जो नाबालिग बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए नवापारा रेफर किया जा रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद घटनास्थल पर शराब की टूटी बोतलें भी मिली हैं। इसके अलावा चालक के पास न लाइसेंस था और न ही ट्रेक्टर का बीमा। ऐसे में वाहन मालिक की लापरवाही भी गंभीर चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे ऐसे वाहनों से खतरा बढ़ता जा रहा है।

परिजनों ने प्रशासन से न्याय व आर्थिक सहायता की मांग की

मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई करने और आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही और वाहन मालिक की उदासीनता ने दो परिवारों के घरों के चिराग बुझा दिए। साथ ही यह भी सवाल उठाया कि आखिर नाबालिग को ट्रेक्टर में काम पर क्यों ले जाया गया।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने में जुटे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह के दर्दनाक हादसे का सामना न करना पड़े।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment