कोरबा/बिलासपुर। कोरबा से रायपुर की ओर जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच सोमवार दोपहर को भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत गतौरा स्टेशन के समीप शाम लगभग 4:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बोगियों के प्रभावित होने जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में 6 यात्रियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घटना में मौत के आंकड़े एवं घायलों की संख्या और भी बढ़ने की संभावनाएं बनी हुई हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कलेक्टर से वीडियो कॉल पर चर्चा कर राहत कार्यों की समीक्षा की और सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रेल प्रशासन ने मृतकों और घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है: मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख ,गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख ,सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख
रेल प्रशासन का आधिकारिक बयान
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि “यह एक अप्रत्याशित घटना थी। सभी प्रभावित व्यक्तियों को सहायता प्रदान की जा रही है, और वरिष्ठ अधिकारी स्थल पर मौजूद हैं। घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त स्तर पर कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
यात्रियों और परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी:
बिलासपुर – 7777857335, 7869953330 ,चांपा – 8085956528 ,रायगढ़ – 9752485600 ,पेंड्रा रोड – 8294730162 ,कोरबा – 7869953330 ,उसलापुर – 7777857338 रेल प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




