विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देगा सांसद खेल महोत्सव : विधायक रोहित साहू

SHARE:

अनुशासन, एकता और टीमवर्क सिखाता है खेल – बालिकाओं को किया गया साइकिल वितरण

 

गरियाबंद-: जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत संकुल स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांडुका के खेल मैदान में किया गया। इसमें 14 से 24 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत यह प्रतियोगिता चरणबद्ध रूप से आयोजित की जा रही है। विधायक रोहित साहू ने कहा कि खेल महोत्सव से विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप मिलेगा। शासन द्वारा ग्रामीण बाल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाएगा और उनमें उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने खेल को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड, प्रार्थना सभा हेतु 10 लाख रुपये, खेल मैदान में लाइटिंग के लिए 2 लाख रुपये और अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की।

 

कलेक्टर बी.एस. सिंह उइके ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ता जैसे गुण सिखाते हैं, जो जीवन की चुनौतियों से निपटने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग – 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष और 21 से 24 वर्ष में संपन्न होगी।

 

इस अवसर पर कलेक्टर ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति गरियाबंद शिवांगी चतुर्वेदी,जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर,जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्य कंचन देवांगन, दुलारी साहू, सरपंच भानू ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि उपस्थित थे।

 

विधायक और अतिथियों ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण किया। इसी तरह नगर पालिका गरियाबंद, नगर पंचायत फिंगेश्वर, देवभोग और मैनपुर विकासखंडों में भी संकुल स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.एल. मतावले, नोडल अधिकारी आर.के. ध्रुव, प्राचार्य वाय.आर. साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment