चरित्र संदेह को लेकर पत्नी की टांगी मारकर हत्या, पति गिरफ्तार

SHARE:

कोरबा। उत्सवी सीजन की खुशियों में एक तरफ लोग डूबे हुए थे कि इसी बीच बरपाली तानाखार में एक महिला की हत्या कर दिए जाने से माहौल खराब हो गया। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति ने की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त करने के साथ आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। मामले में जांच की जा रही है।
कटघोरा पुलिस थाना क्षेत्रांतर्गत तानाखार बरपाली में यह घटना आज सुबह हुई। इस घटना में बंधन बाई खुडिया की दर्दनाक मौत हो गई। उसके शरीर पर कई जगह आरोपी पति चैतराम खुडिया ने धारदार कुल्हाड़ी से कई प्रहार किए। आरोपी चैतराम पाली ब्लॉक के सपलवा का मूल निवासी है और बरपाली में उसका ससुराल है। वह लंबे समय से यहीं पर रह रहा था। खबर के अनुसार अनुसूचित जनजाति वर्ग में आने वाले आरोपी ने शराब के नशे में इस घटना को नियोजित रूप से अंजाम दिया। स्थानीय स्तर से पुलिस तक जो जानकारी पहुंची है उसमें कहा गया कि अक्सर दंपत्ति में विवाद होते रहता था। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह किया करता था, इससे घर में कलह की स्थिति बनी हुई थी। बताया गया कि आज सुबह दोनों में इसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ। पड़ोस तक इसकी भनक लगी लेकिन किसी ने यह सोचकर दखल देना जरूरी नहीं समझा कि ऐसा तो अक्सर होता ही है। कुछ देर बाद उन्हें महिला की चीख सुनाई दी, जो बाद में शांत हो गई। तब मालूम चला कि पति ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। क्षेत्र में कोहराम मचा और पुलिस तक इसकी जानकारी पहुंची। कटघोरा पुलिस के प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने दल-बल सहित यहां पहुंचकर मुआयना किया। मौके से आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ कुछ चीजें जब्त की गई है। अब तक की जानकारी में चरित्र संदेह और पारिवारिक विवाद होने की बातें सामने आई है।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ यहां का मुआयना कर वस्तुस्थिति को साफ करने का प्रयास किया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव को पंचनामा पश्चात् पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही की जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment