गरियाबंद – पूरे जिले में इस समय कवार नवरात्र की भव्य छटा बिखरी हुई है। मां दुर्गा के जयकारों से मंदिर, चौक-चौराहे और गलियां गूंज रही हैं। श्रद्धालु बड़े ही उत्साह, भक्ति और श्रद्धा के साथ नवरात्र पर्व मना रहे हैं। जिले के सुप्रसिद्ध देवी मंदिरों में मां के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है।जिले के पहाड़ी अंचल में स्थित जतमई माता मंदिर, घटारानी माता मंदिर और झरझरा माता मंदिर इस बार आस्था के विशेष केंद्र बने हुए हैं। जतमई माता मंदिर में 451 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं, घटारानी मंदिर में 351 कलशों से मां की आराधना की जा रही है,
जबकि झरझरा माता मंदिर में 750 ज्योति कलशों के बीच भव्य श्रृंगार और विशेष पूजन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।सप्तमी तिथि पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र मेले जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। दुकानों पर नारियल, चुनरी, प्रसाद और धार्मिक सामग्री की खरीददारी से रौनक और बढ़ गई है।मंदिर समितियों का कहना है कि अष्टमी और नवमी को श्रद्धालुओं की भीड़ और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और समितियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण, पार्किंग और लाइन व्यवस्था की भी व्यवस्था की गई है।भक्ति, आस्था और उल्लास का यह पर्व गरियाबंद जिले के हर कोने में उत्साह और आनंद का संचार कर रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए दीप और कलश प्रज्वलित कर अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




