प्रशासन, पुलिस और आपदा मित्र की टीम ने दिखाया दमखम, कलेक्टर-एसपी रहे मौजूद
गरियाबंद-:बाढ़ आपदा जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी परखने जिला प्रशासन ने तौरेंगा और मरौदा जलाशय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस व्यापक अभ्यास में आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य अमला, नगरसेना की बाढ़ आपदा टीम एवं आपदा मित्र की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया।मॉक ड्रिल के दौरान जलाशय को कृत्रिम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मानकर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। बाढ़ में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी, नावों के जरिए रेस्क्यू, घायलों को प्राथमिक उपचार, अस्थाई राहत शिविर और भोजन-आश्रय की व्यवस्था जैसे परिदृश्यों का अभ्यास किया गया।कलेक्टर बी एस उईके और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने मौके पर पहुँचकर ड्रिल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व बचाव दलों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से आपदा प्रबंधन रणनीति का मूल्यांकन करने और कमियों को दूर करने में मदद मिलती है। उद्देश्य यह है कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जनहानि व नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।कलेक्टर ने कहा कि मॉक ड्रिल प्रशिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को आपात स्थिति का अनुभव मिलता है। इस सफल अभ्यास ने जिले की आपदा प्रबंधन क्षमता को और मजबूत किया है।पुलिस अधिकारियों ने भी कहा कि बचाव कार्यों में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है और इस अभ्यास ने रणनीति को और बेहतर बनाने का अवसर दिया।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




