गरियाबंद-:गरियाबंद पुलिस और केंद्रीय बलों ने नक्सल उन्मूलन अभियान में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। थाना मैनपुर क्षेत्र के राजाडेरा मटाल पहाड़ी में चले संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 10 बड़े कैडर नक्सलियों को ढेर किया, जिनमें सीसी कैडर मोडेम बालाकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल था।
तीन दिनों तक चला ऑपरेशन
10 से 12 सितम्बर 2025 तक ई.30, एसटीएफ, सीएएफ और कोबरा 207 बटालियन ने नक्सलियों की सूचना पर मटाल पहाड़ी की ओर सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर अंधाधुंध फायरिंग की और हथियार लूटने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने 10 नक्सलियों को मार गिराकर बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस लाइन में उत्सव जैसा माहौल
इतिहास रचने वाली इस सफलता पर छत्तीसगढ़ पुलिस के मुखिया डीजीपी अरूण देव गौतम स्वयं गरियाबंद पुलिस लाइन पहुंचे। उनके साथ एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, बीएसएफ, सीआरपीएफ और कोबरा 207 बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीजीपी ने गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और पूरे दल को बधाई देते हुए कहा कि “जवानों की बहादुरी और टीम वर्क ने नक्सलियों को करारा जवाब दिया है। यह सफलता नक्सल उन्मूलन अभियान में एक बड़ी उपलब्धि है।”
जवानों के लिए रखा गया बड़ा खाना
जवानों के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस लाइन में बड़े खाने का आयोजन किया गया। डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों के साथ भोजन किया और उनकी वीरता की सराहना की।
नक्सलियों की कमर टूटी
10 बड़े कैडर नक्सलियों के मारे जाने से गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में नक्सली संगठन को गहरी चोट पहुंची है। सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन अभियान में मील का पत्थर साबित हो रही है।
गरियाबंद पुलिस की यह सफलता आने वाले समय में नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार मानी जा रही है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




