गरियाबंद की बहू विभा अवस्थी को मिला बड़ा दायित्व,प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष बनने पर अमलीपदर से देवभोग तक हुआ ऐतिहासिक स्वागत,विभा ने कहा– महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और नेतृत्व दिलाना मेरा पहला लक्ष्य
गरियाबंद की बहू विभा अवस्थी को भाजपा ने प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष का दायित्व सौंपकर जिले के लिए गर्व का अवसर बनाया है। यह पहली बार हुआ है कि गरियाबंद जिले की किसी महिला को संगठन की इतनी अहम और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इस नियुक्ति के बाद जब विभा अवस्थी पहली बार अपने गृह ग्राम अमलीपदर पहुँचीं तो गांव से लेकर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल रहा।
गृह ग्राम अमलीपदर से लेकर गरियाबंद, छुरा, मैनपुर और देवभोग तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत हुआ, तो कहीं फूल मालाओं और आतिशबाज़ी से विभा का अभिनंदन किया गया। महिलाओं की भारी संख्या स्वागत के लिए सड़क किनारे मौजूद रही, जिसने यह साबित कर दिया कि जिले की बेटियों और बहनों में इस ऐतिहासिक फैसले से गजब का उत्साह है।
विभा अवस्थी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह का आभार जताते हुए कहा—
“यह जिम्मेदारी केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरे गरियाबंद जिले की महिलाओं के लिए सम्मान है। मेरा पहला लक्ष्य है कि न केवल अपने गृह क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश में भाजपा संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए और उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। महिला शक्ति के बिना कोई भी संगठन मजबूत नहीं हो सकता और मैं इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी ताकत से काम करूंगी।”
विभा अवस्थी के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, महिला मोर्चा की पदाधिकारिणियाँ और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके प्रवास के दौरान जिले में कई स्थानों पर महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह कदम आने वाले समय में भाजपा को संगठनात्मक रूप से और मजबूत करेगा।
वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि बिन्द्रानवागढ़ जैसे पारंपरिक गढ़ में महिला संगठन पहले से कहीं अधिक सक्रिय होगा और संगठन की जड़ों में नया जोश भर देगा। ग्रामीणों ने भी विश्वास जताया कि विभा अवस्थी की नियुक्ति से क्षेत्र की महिलाओं को न सिर्फ राजनीतिक बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी नई पहचान मिलेगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




