आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का गरियाबंद में विशाल धरना-प्रदर्शन

SHARE:

बारिश में भी डटे रहे कार्यकर्ता, विधायक जनक ध्रुव ने दिया समर्थन – 19 सितंबर को रायपुर में करेंगे महाधरना

 

गरियाबंद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को गरियाबंद के गांधी मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। इस दौरान कांग्रेस विधायक जनक ध्रुव मंच पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को अपना समर्थन दिया।

धरना स्थल पर जनक ध्रुव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले कई वादे किए थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि “डबल इंजन की भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। यही कारण है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत प्रदेश के कई विभागों के कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।”

 

धरने में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की अध्यक्ष ने कहा कि चाहे बारिश हो, आंधी आए या तूफान, वे अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने बताया कि विधायक जनक ध्रुव के समर्थन से कार्यकर्ताओं का हौसला और बढ़ा है और वे तब तक संघर्ष जारी रखेंगे जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

 

धरना और रैली में लगभग ढाई हजार कार्यकर्ता शामिल हुए। गांधी मैदान से गौरव पथ और तिरंगा चौक तक रैली निकालने के बाद कार्यकर्ताओं ने गरियाबंद एसडीएम को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से चुनाव पूर्व किए गए आश्वासनों को तत्काल लागू करने की मांग की।

 

संघ की ओर से चेतावनी दी गई कि अगर मांगे जल्द पूरी नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया कि 19 सितंबर को रायपुर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment