पुजारी की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

रायपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के परसाकापा स्थित पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सिर्फ 12 घंटे में हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह पुजारी और आरोपी की पत्नी के बीच कथित अवैध संबंध हैं। जानकारी के मुताबिक, पुजारी का आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी से संबंध था, जो मंदिर के पास खेत में खेती के दौरान बढ़ा। इस कारण सुरेश और उसकी पत्नी के बीच छह महीने पहले सामाजिक तलाक हो गया था। सुरेश को इस रिश्ते को लेकर पुजारी से गहरा बैर हो गया था। इसी रंजिश के चलते शनिवार रात आरोपी सुरेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुजारी की हत्या की साजिश रची। मोटरसाइकिल की पूजा कराने का बहाना बनाकर पुजारी को बाहर बुलाया गया, फिर ईंट और सस्पेंशन पाइप से उस पर हमला कर दिया गया। हमला इतना गंभीर था कि पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। रविवार सुबह, मंदिर परिसर में पुजारी की लाश खून से सनी हुई पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। एएसपी अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना पुलिस की तत्परता से पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। इस केस को सुलझाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनकी मदद से अंधे कत्ल की गुत्थी जल्द सुलझा ली गई।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment