सिकासर डैम में डूबा 32 वर्षीय युवक, तीसरे दिन मिला शव – ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

SHARE:

गरियाबंद-:जिले के प्रसिद्ध सिकासर डैम में शुक्रवार को मछली मारने पहुंचे युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। तीन दिनों की कड़ी तलाश के बाद रविवार को युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान ग्राम निवासी घासीराम कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है।

*ऐसे हुआ हादसा*

मिली जानकारी के अनुसार, घासीराम कुमार 22 अगस्त शुक्रवार की सुबह अपने एक साथी के साथ सिकासर डैम मछली मारने गया था। दोनों लगभग 500–600 मीटर की दूरी पर अलग-अलग स्थान पर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान घासीराम अचानक गहरे पानी में चला गया। प्रत्यक्षदर्शी साथी के अनुसार वह दो बार पानी में डूबा और बाहर आया, लेकिन तीसरी बार वह पानी से बाहर नहीं निकल सका।

*गांव में मची अफरा-तफरी*

हादसे की खबर मिलते ही साथी ने गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने स्वयं उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

*रेस्क्यू ऑपरेशन भी रहा नाकाम*

पुलिस प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू टीम को बुलाया और डैम में तलाशी अभियान चलाया गया। गोताखोरों की मदद से लगातार खोज की गई, लेकिन दो दिन तक शव का कुछ पता नहीं चला।

*तीसरे दिन मिला शव*

आखिरकार रविवार को सिकासर डैम के मछली पालन क्षेत्र के पास पानी की सतह पर शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर अस्पताल भेजा। विधिवत पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

*इलाके में शोक की लहर*

घासीराम की अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है। लोग इसे बेहद दर्दनाक हादसा बताते हुए परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment