13 माह की भविष्य निधि राशि भुगतान की मांग पर अड़े रहे 114 कर्मी, SDM की पहल से निकला समाधान
थनेश्वर बंजारे
गरियाबंद। जिले के एकमात्र धान संग्रहण केंद्र कुंडेल भाठा में भविष्य निधि राशि के भुगतान की मांग को लेकर 114 ठेका कर्मी सोमवार को मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। ठेका कर्मियों के प्रदर्शन से केंद्र का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक 13 माह की भविष्य निधि राशि जमा नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दरअसल, ठेका कर्मियों की यह समस्या दिसंबर 2024 से चली आ रही है। समय-समय पर सांकेतिक हड़ताल और लिखित समझौते के बावजूद राशि का भुगतान टलता रहा। चार दिन पहले ही कर्मियों ने जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर और ठेकेदार राजीव लोचन शुक्ला को चेतावनी पत्र सौंपा था कि 17 अगस्त तक जून 2024 से जून 2025 तक की राशि उनके खाते में जमा की जाए। लेकिन नियत तिथि तक केवल तीन माह की राशि ही जमा की गई।
18 अगस्त को सुबह 9 बजे से कर्मी धान केंद्र के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर, ठेकेदार प्रतिनिधि संदीप कोटक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुँचे, लेकिन कर्मियों ने समझौता करने से इनकार कर दिया। अपर कलेक्टर और तहसीलदार फिंगेश्वर अंजलि खलको ने भी बातचीत की कोशिश की, मगर स्थिति और बिगड़ गई और कर्मियों ने ट्रकों को अंदर जाने से रोक दिया।
स्थिति बिगड़ती देख अनुविभागीय अधिकारी (SDM) राजिम विशाल राणा मौके पर पहुँचे और कर्मियों के प्रतिनिधियों, विपणन अधिकारी व ठेकेदार के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान ठेका कर्मियों ने बताया कि उन्हें 13 माह की राशि में से केवल तीन माह का ही भुगतान हुआ है। अंततः SDM के समझदारीपूर्ण हस्तक्षेप से समझौता हुआ। ठेकेदार ने एक सप्ताह के भीतर तीन माह की और राशि जमा करने तथा शेष भुगतान शासन से फंड प्राप्त होते ही करने का आश्वासन दिया।
लगातार कई माह से चली आ रही इस समस्या का समाधान कुछ ही घंटों में निकल जाने पर कर्मियों ने धरना समाप्त कर दिया और केंद्र का कामकाज फिर से शुरू हो गया। हालांकि ठेका कर्मियों का कहना है कि वे पहले भी वादों से ठगे गए हैं, इसलिए इस बार वे केवल विश्वास के आधार पर आंदोलन समाप्त कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि तय वायदा कितना पूरा होता है।
इस मौके पर SDM विशाल राणा, तहसीलदार अंजलि खलको, TI गौतम ध्रुवड़े, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर, खाद्य अधिकारी अरविंद दूबे, पुलिस अधिकारी सुरेंद्र निषाद, चिंता राम देशमुख सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




