फिंगेश्वर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध मुरम खनन, खनिज विभाग और जिला प्रशासन मौन

SHARE:

ग्राम चैतरा में JCB से हो रही खुदाई, हाईवे पर खुलेआम हो रही मुरम की लोडिंग, जिम्मेदारों की चुप्पी से माफिया बेखौफ

फिंगेश्वर/गरियाबंद-:जिले में अवैध खनन पर रोक लगने का नाम नहीं ले रहा है। फिंगेश्वर से सटे ग्राम चैतरा में इन दिनों अवैध मुरम खनन धड़ल्ले से चल रहा है, और हैरानी की बात यह है कि खनिज विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है। गांव के आसपास JCB मशीनों से 10 से 15 फीट गहराई तक खुदाई की जा रही है और मुरम को सीधे हाईवे पर लोडिंग कर ट्रकों के जरिए अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह गतिविधि एक-दो दिन की नहीं बल्कि कई दिनों से लगातार चल रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। जब इस विषय में खनिज अधिकारी रोहित साहू से बात की गई तो उन्होंने मीटिंग के बाद आधे घंटे में पहुंचने की बात कही थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब स्थानीय प्रशासन और खनिज विभाग को अवैध खनन की जानकारी है, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या खनिज विभाग की चुप्पी माफियाओं से मिलीभगत का संकेत नहीं देती? खुलेआम चल रहे इस मुरम खनन से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ रहा है।

इस अवैध कारोबार के खिलाफ स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने मांग की है कि खनिज विभाग व प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें, अन्यथा ग्रामीण स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी जा रही है।

अब देखना यह है कि जिला प्रशासन कब जागता है, या फिर माफियाओं के आगे शासन-प्रशासन घुटने टेक चुका है?

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment