गरियाबंद, छत्तीसगढ़ —जिले के छुरा नगर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भारोत्तोलन में पदक जीतने वाली प्रतिभाशाली छात्रा संध्या साहू ने आत्महत्या कर ली। 21 वर्षीय संध्या छुरा नगर के आवासपारा मोहल्ले की रहने वाली थी और रायपुर के कचना धुरवा महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। सोमवार को वह अपने घर के रसोईघर में साड़ी से फांसी पर लटकी मिली। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना के वक्त संध्या की मां नहाने गई हुई थीं। लौटने पर उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और तत्काल छुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य जब्त किए हैं।
स्थानीय लोग संध्या को ‘छुरा की गोल्डन गर्ल’ के नाम से जानते थे। उसने भुवनेश्वर, कोलकाता, बीकानेर, रायपुर, बालोद और गरियाबंद सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए चार स्वर्ण सहित छह पदक जीते थे। खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी वह अव्वल रही थी। उसकी इस अप्रत्याशित मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है।
बेटी की मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी यह सोचकर हैरान हैं कि इतनी होनहार और जुझारू छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




