ट्रैक्टर हादसे में चालक की दर्दनाक मौत, घर लौटते वक्त हुआ हादसा

SHARE:

परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

 

छुरा, गरियाबंद। छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरछेड़ी से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां खेत जोतने के बाद लौटते समय ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम नागिन तालाब के पास जतमई मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रूपेश ध्रुव के रूप में हुई है, जो टिकेंद्र ध्रुव के ट्रैक्टर (CG 23 M 3856) का चालक था।जानकारी के मुताबिक रूपेश मंगलवार को कमारपारा स्थित गढ़गढ़ी खार में खेत की जुताई करने गया था। काम खत्म कर घर लौटते समय जैसे ही वह नागिन तालाब के पास पहुंचा, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। घटनास्थल पर कोई मौजूद नहीं होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी।

कुछ देर बाद राहगीरों ने पलटा हुआ ट्रैक्टर देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसी दौरान मृतक का बड़ा भाई भी खेत से लौट रहा था और घटनास्थल पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से उसने भाई को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

 

पुलिस जांच में जुटी, गांव में शोक की लहर

 

घटना की सूचना पर छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि रूपेश परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य था, जो खेती और ट्रैक्टर चलाकर घर चलाता था। उसकी असामयिक मौत से गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment