प्रतिमा खंडित करने वाले अब तक गिरफ्त से बाहर, आखिर कब तक चलेगी सिर्फ जांच?
दिसंबर में गुरु पर्व, लेकिन राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा अब भी खंडित; समाज के सब्र का इम्तिहान ले रहा प्रशासन? क्या गुरु पर्व से पहले नई रणनीति के साथ बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा सतनामी समाज?
गरियाबंद /फिंगेश्वर-: दर्रीपार में शूरवीर राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद समाज के लोगों ने थाना पहुंचकर आवेदन सौंपा, एफआईआर और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की, लेकिन अब तक कार्रवाई के नाम पर जांच का सिलसिला ही सामने आ रहा है। आखिर जांच कब पूरी होगी और प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे? यह सवाल अब समाज के बीच चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि दिसंबर महीने में गुरु पर्व का आयोजन होना है, लेकिन दर्रीपार में राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा अब भी खंडित अवस्था में है। ऐसे में समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा है कि क्या गुरु पर्व इसी खंडित प्रतिमा के साथ मनाया जाएगा? क्या आयोजन से पहले प्रशासन प्रतिमा की मरम्मत, सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पाएगा?
जांच का दौर जारी, गिरफ्तारी का इंतजार
घटना के बाद तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रतिनिधियों के साथ फिंगेश्वर थाना पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को आवेदन सौंपकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, दोषियों की पहचान करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा था कि समाज की भावनाओं से जुड़ी ऐसी घटना पर पुलिस प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने भी स्पष्ट रूप से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। उनका कहना था कि समाज के प्रतिनिधि इस मामले में कार्रवाई चाहते हैं और यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो गरियाबंद पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी मांग रखेंगे।
लेकिन अब सवाल यह है कि आवेदन, मांग और बैठकों के दौर के बाद भी नतीजा क्या निकला? क्या पुलिस के पास आरोपियों तक पहुंचने के लिए कोई ठोस सुराग नहीं है या जांच की प्रक्रिया ही आगे नहीं बढ़ पा रही है? पुलिस प्रशासन को अब तक की जांच और कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
समाज कब तक खामोश रहेगा, क्या बनेगी आंदोलन की नई रणनीति?
इस घटना को लेकर समाज के भीतर नाराजगी बनी हुई है। अब चर्चा इस बात की भी है कि यदि गुरु पर्व से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और प्रतिमा को सम्मानजनक स्थिति में स्थापित नहीं किया जाता, तो क्या समाज के सामाजिक बंधु एकजुट होकर नई रणनीति बनाएंगे? क्या समाज के पदाधिकारी शासन-प्रशासन को फिर से ज्ञापन सौंपकर समयबद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे या आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी?
यह फिलहाल समाज के आगामी निर्णय और पदाधिकारियों की रणनीति पर निर्भर करेगा, लेकिन इतना स्पष्ट है कि समाज इस घटना को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज करने के पक्ष में नहीं है।
प्रशासन के सामने अब दोहरी जिम्मेदारी
दर्रीपार में जमीन विवाद के बीच प्रशासनिक टीम के पहुंचने और उसके अगले दिन प्रतिमा खंडित मिलने की घटना ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। हालांकि दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस को निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों का पता लगाना चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन को गुरु पर्व से पहले प्रतिमा की मरम्मत, पुनर्स्थापना और सुरक्षा के लिए ठोस पहल करनी चाहिए।
अब सवाल केवल प्रतिमा खंडित करने वालों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं और प्रशासन की जवाबदेही का भी है। आखिर कब तक समाज आवेदन देता रहेगा और प्रशासन जांच की बात कहता रहेगा? दिसंबर में गुरु पर्व शुरू होने वाला है। क्या उससे पहले दोषियों की गिरफ्तारी होगी या समाज को एक बार फिर आश्वासन ही मिलेगा?
दर्रीपार की खंडित प्रतिमा आज भी प्रशासन से जवाब मांग रही है। अब समाज की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर हैं। प्रशासन को समझना होगा कि संवेदनशील मामलों में केवल जांच की बात पर्याप्त नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई भी जरूरी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com



