भेंडरी में गूंजा जय विश्वकर्मा का जयघोष, नाचा देखने उमड़ा जनसैलाब

SHARE:

भेंडरी में गूंजा जय विश्वकर्मा का जयघोष, नाचा देखने उमड़ा जनसैलाब

पूजा-अर्चना के बाद देर रात तक चला सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिस्त्री-बढ़ई संघ के आयोजन में दिखी गांव की एकजुटता

फिंगेश्वर /भेंडरी-:ग्राम भेंडरी में शुक्रवार को मिस्त्री एवं बढ़ई संघ के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। गांव के हृदय स्थल बजरंग चौक में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की गई। जयंती समारोह को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा।

पूजा-अर्चना के बाद रात्रि में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं छत्तीसगढ़ी नाचा का आयोजन किया गया। नाचा कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भीड़ बनी रही और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया।

रात्रिकालीन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत भेंडरी की सरपंच तुलेश्वरी साहू, पत्रकार उरेन्द्र साहू,सुनील देवांगन एवं उपसरपंच एलु राम साहू मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मिस्त्री संघ के प्रमुख कार्यकर्ता गुनूराम साहू ने की।

वर्षों से जारी है आयोजन की परंपरा

बताया गया कि गुनूराम साहू के वर्षों से किए जा रहे प्रयासों और ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम भेंडरी में भगवान विश्वकर्मा जयंती का आयोजन लगातार किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से न केवल भगवान विश्वकर्मा की आराधना की जाती है, बल्कि गांव की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती मिलती है।

मेहनतकश कारीगरों के योगदान को किया याद

मुख्य अतिथि इंद्रजीत महाडिक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीक का देवता माना जाता है। मिस्त्री, बढ़ई सहित विभिन्न कारीगर समाज अपने हुनर, मेहनत और कौशल से समाज एवं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ ग्रामीणों के बीच आपसी भाईचारा और सद्भाव भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

सरपंच तुलेश्वरी साहू ने कहा कि ग्राम भेंडरी में वर्षों से विश्वकर्मा जयंती का आयोजन आपसी सहयोग और सद्भावना के साथ होता आ रहा है। यह आयोजन गांव की एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन समिति एवं मिस्त्री-बढ़ई संघ के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए ग्राम पंचायत की ओर से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहयोग जारी रखने की बात कही।

नाचा और मानस की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का मंच संचालन ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व उपसरपंच आनंद राम साहू ने किया। रात्रिकालीन कार्यक्रम में ‘झन भूलो मां-बाप ला’ मानस परिवार तथा छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी मोखा, जिला धमतरी की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। नाचा की मनोरंजक एवं छत्तीसगढ़ी रंग में रंगी प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक जमे रहे।

इस अवसर पर आनंद साहू, योगेश साहू, गुनूराम साहू, सुनील देवांगन राजिम, धनजय साहू, संत राम साहू, बेदन साहू, पूरण साहू, जनक साहू, पेमन साहू, लखन साहू, टिकेश्वर साहू, तोरण साहू, मनीष साहू, भारत साहू, भूनूराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment