रुवाड़ में धरना रंग लाया, गरियाबंद एक्सप्रेस न्यूज़ की खबर असर एवं ग्रामीणों की मेहनत का असर
4 अतिरिक्त कक्षों को मिली मंजूरी, ग्रामीणों के आंदोलन के बाद प्रशासन ने लिया फैसला
गरियाबंद/छुरा -:विद्यालय भवन की समस्या को लेकर रुवाड़ में ग्रामीणों और पालकों का जारी आंदोलन आखिरकार रंग लाया। गरियाबंद एक्सप्रेस द्वारा ग्रामीणों की मांग और 15 अगस्त के दिन भी जारी धरने को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब विद्यालय के लिए 4 अतिरिक्त कक्ष निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुवाड़ में पर्याप्त भवन नहीं होने से विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों को लेकर ग्रामीण और पालक पिछले चार-पांच दिनों से धरने पर बैठे थे। खास बात यह रही कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को भी ग्रामीणों ने अपनी मांग को लेकर धरना जारी रखा, जिसके बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में लगातार बना रहा।
17 अगस्त को पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी
मामले में 17 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। इसके बाद सामने आए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पत्र के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुवाड़ के लिए VBG-RAMG योजना के तहत 4 अतिरिक्त कक्ष निर्माण को कलेक्टर गरियाबंद द्वारा मंजूरी प्रदान की गई है।
स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों और पालकों ने राहत की सांस ली है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उनकी लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अब वे चाहते हैं कि स्वीकृत कक्षों का निर्माण जल्द शुरू हो और बच्चों को इसका लाभ मिले।
ग्रामीणों ने कहा—अब निर्माण शुरू होने का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसी मांग को लेकर उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया। लगातार आंदोलन के बाद प्रशासन द्वारा चार अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति दिए जाने पर ग्रामीणों ने संतोष जताया है।
खबर का असर एवं ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई
रुवाड़ के ग्रामीणों की मांग को लेकर गरियाबंद एक्सप्रेस न्यूज़ ने लगातार खबरों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया था। स्वतंत्रता दिवस के दिन भी जारी धरने की खबर सामने आने के बाद अब विद्यालय के लिए चार अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति मिली है।
हालांकि स्वीकृति के बाद अब ग्रामीणों की नजर निर्माण कार्य कब शुरू होता है और बच्चों को कक्ष कब मिलते हैं, इस पर टिकी हुई है।
गरियाबंद एक्सप्रेस की खबर के बाद प्रशासन की पहल, ग्रामीणों की मांग हुई मंजूर—अब निर्माण की बारी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




