उदंती नदी में समाया 35 वर्षीय राजकुमार, चिंदा-डूमरबहाल में मचा हड़कंप
नदी में डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण, देर तक चला तलाश अभियान
मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड से शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम चिंदा-डूमरबहाल निवासी 35 वर्षीय राजकुमार उदंती नदी में डूब गया। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जुट गई, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई गई।
जानकारी के अनुसार राजकुमार किसी कारणवश उदंती नदी में गया था, इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में डूब गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और अपने स्तर पर युवक को खोजने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाश अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल पाया था और उसकी तलाश जारी थी।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे चिंदा-डूमरबहाल क्षेत्र में मातम और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।
बरसात में बढ़ा नदी-नालों का खतरा
लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में तेज बहाव वाले नदी-नालों के पास जाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com



