सोनम वांगचुक के समर्थन में देवभोग में एक दिवसीय भूख हड़ताल, युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

SHARE:

सोनम वांगचुक के समर्थन में देवभोग में एक दिवसीय भूख हड़ताल, युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

नीट पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सस्ती शिक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन

गरियाबंद /देवभोग-:दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक के समर्थन में देवभोग ब्लॉक में विभिन्न समाजों के युवा प्रतिनिधियों ने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल की। प्रदर्शनकारियों ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और गरीब विद्यार्थियों के लिए सुलभ एवं किफायती शिक्षा की मांग उठाई।

भूख हड़ताल में देवभोग ब्लॉक के तीनों समाजों के युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष टेकलाल प्रधान, भोले मांझी और हुकमत यादव शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।

टेकलाल प्रधान ने कहा कि अब इस मुद्दे पर चुप रहना संभव नहीं है। उनके अनुसार सोनम वांगचुक छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर के युवा अपनी आवाज उठा रहे हैं और सरकार को इस विषय पर संवाद करना चाहिए।

आदिवासी समाज युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भोले मांझी ने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी बात मनवाने के लिए लंबे समय तक अनशन पर बैठना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता हुकमत यादव ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा अलग-अलग हो सकती है, लेकिन छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सरकार से बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने की अपील की।

देवभोग के वरिष्ठ नागरिक फिरोज खान ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

इस दौरान पुलस्त नेताम, लोकेश सोनवानी और सूरज प्रधान सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा भी भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment