जोगीडीपा जलाशय में मिला 52 वर्षीय ग्रामीण का शव, मछली पकड़ने के दौरान हादसे की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

SHARE:

जोगीडीपा जलाशय में मिला 52 वर्षीय ग्रामीण का शव, मछली पकड़ने के दौरान हादसे की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिंगेश्वर | गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगीडीपा के जलाशय में मंगलवार शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के निवासी निगम साहू (52 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला मछली पकड़ने के दौरान हुए हादसे का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने शाम करीब 5 बजे जलाशय में एक शव पानी पर तैरता हुआ देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई प्रकाश साहू ने तत्काल फिंगेश्वर थाना, सरपंच और ग्राम प्रमुख को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के आसपास पानी में मछली पकड़ने की जाली फैली हुई मिली, जबकि उनके गले में एक थैला लटका हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान किसी कारणवश वे पानी में डूब गए होंगे।

पुलिस ने रात करीब 8 बजे शव को जलाशय से बाहर निकलवाया। पंचों एवं परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए फिंगेश्वर चीरघर में सुरक्षित रखवाया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Oplus_131072

घटना को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों ने मृतक को मिर्गी की बीमारी होने की बात कही, लेकिन उनके भाई प्रकाश साहू ने इस दावे से साफ इनकार किया है। ऐसे में पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटनास्थल पर थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम, एसआई सुरेश निषाद, सरपंच नेतराम सिन्हा, मृतक के भाई प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

Oplus_131072

थाना प्रभारी ने क्या कहा

थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम जोगीडीपा जलाशय पहुंची। स्थल निरीक्षण के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment