कोपरा में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: 20 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव

SHARE:

*पूर्व पंचायत मंत्री अमितेश शुक्ल ने सरकार पर बोला हमला, ब्लॉक अध्यक्ष रुपेश साहू ने चेताया— मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा उग्र आंदोलन*

 

फिंगेश्वर/कोपरा। नगर पंचायत कोपरा में शुक्रवार को कांग्रेस ने जनसमस्याओं को लेकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं और सैकड़ों ग्रामीणों ने पहले आमसभा आयोजित की, जिसके बाद रैली निकालकर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

 

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व पंचायत मंत्री अमितेश शुक्ल ने कहा कि नगर पंचायत कोपरा में जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आज भी आवास की राशि नहीं मिल रही, जबकि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और गरीबों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

 

वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रुपेश साहू ने कहा कि नगर पंचायत में विकास कार्य ठप पड़े हैं और आम लोगों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता बार-बार शिकायत कर रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समाधान के बजाय केवल आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी और जब तक 20 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

 

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रैली निकालकर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “सीएमओ मुर्दाबाद” और “सीएमओ भागो” के नारे लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।

 

कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम सौंपे गए 20 सूत्रीय ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्त जारी करने, नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों की जांच, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था में सुधार, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, प्लेसमेंट भर्ती में पारदर्शिता और नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

 

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, महिलाएं और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment