20 वर्षों तक नि:शुल्क सेवा करने वाले कोटवार को नहीं मिली नियुक्ति

SHARE:

20 वर्षों तक नि:शुल्क सेवा करने वाले कोटवार को नहीं मिली नियुक्ति

गरियाबंद-:जिले के ग्राम पंचायत डुमरबाहरा में कोटवार नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत, ग्रामसभा और ग्रामीणों ने प्रशासन की नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए चयन को निरस्त कर निष्पक्ष जांच तथा नियमानुसार पुनः नियुक्ति की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी कृष्ण कुमार (पिता रन सिंह) के परिवार ने पिछले लगभग 20 वर्षों से बिना किसी मानदेय के गांव में कोटवार का कार्य करते हुए अपनी सेवाएं दीं।

उनकी दीर्घकालीन सेवा और अनुभव को देखते हुए ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत ने विधिवत प्रस्ताव पारित कर उनके नाम की अनुशंसा कोटवार पद के लिए की थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा के सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव को दरकिनार कर प्रशासन ने दुरपत सोनवानी को कोटवार पद पर नियुक्त कर दिया। इससे पूरे गांव में नाराजगी का माहौल है। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि यदि नियुक्ति पूरी तरह शैक्षणिक मेरिट (प्रतिशत) के आधार पर की जानी थी, तो किशन सिक्का का चयन होना चाहिए था। ऐसे में वर्तमान नियुक्ति को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामसभा को गांव की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था माना जाता है। जब ग्रामसभा और ग्राम पंचायत दोनों ने प्रस्ताव पारित कर एक व्यक्ति के नाम की अनुशंसा की थी, तब उस प्रस्ताव की अनदेखी कर किसी अन्य व्यक्ति की नियुक्ति करना ग्रामसभा की भावना और उसके अधिकारों पर भी सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पंचायत व्यवस्था और ग्रामसभा के निर्णयों की महत्ता कमजोर होती दिखाई दे रही है।

मामले को लेकर ग्राम पंचायत एवं पीड़ित पक्ष ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), गरियाबंद को आवेदन सौंपकर नियुक्ति निरस्त करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमों के अनुसार पुनः चयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ग्रामसभा के प्रस्ताव, पंचायत की अनुशंसा एवं नियमानुसार पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाया जाए।

प्रशासन का पक्ष

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गरियाबंद हितेश्वरी बाघे से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment