अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, सरपंच समेत तीन घायल; 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत

SHARE:

गरियाबंद/राजिम -:राजिम तहसील के ग्राम सुरसाबांधा में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और प्रशासनिक पक्ष के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में ग्राम पंचायत सरपंच घनश्याम साहू, उनके भाई जागेश्वर साहू एवं दुखीन बाई साहू के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

 

सरपंच घनश्याम साहू ने जिला पुलिस अधीक्षक गरियाबंद को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि गांव के एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते लोगों को भड़काकर शासकीय कार्रवाई को विवादित बनाने का प्रयास किया। उनके अनुसार, पूर्व नियोजित तरीके से भीड़ एकत्रित कर उन पर और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कराया गया।

 

बताया गया है कि राजस्व विभाग की यह कार्रवाई उच्च न्यायालय बिलासपुर तथा तहसीलदार न्यायालय राजिम के आदेश के अनुपालन में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए की जा रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ा और मौके पर बलवे जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

 

शिकायत में मुख्य साजिशकर्ता सहित 13 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट एवं जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और जनप्रतिनिधि व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment