नुक्कड़ नाटक से समाज को जागरूक कर रहे बारूला के नन्हे कलाकारों का पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मान

SHARE:

गरियाबंद-:खेल-कूद और पढ़ाई की उम्र में समाज को जागरूक करने का बीड़ा उठाने वाले ग्राम बारूला के बच्चों को गरियाबंद पुलिस ने सम्मानित किया है। जिला पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बच्चों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।

 

ग्राम बारूला के ये बच्चे गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनके नाटकों में शिक्षा का महत्व, नशामुक्ति, यातायात नियमों का पालन तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है।

 

बच्चों की इस अनूठी पहल की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक स्वयं उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चों के अनुभव सुने और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच एवं जागरूकता अभियान की प्रशंसा की।

 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और ग्राम बारूला के इन नन्हे कलाकारों ने यह साबित कर दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि अच्छी सोच और संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ऐसे सभी प्रयासों को प्रोत्साहित करता है, जो समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी बाल कलाकारों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। इस पहल से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे भी समाज हित में जागरूकता अभियान चलाते रहेंगे।

 

गौरतलब है कि ग्राम बारूला के बच्चों द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक अभियान की क्षेत्र में सराहना हो रही है और उनका संदेश लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment