गरियाबंद-: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने रविवार को विशेष किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस की 06 टीमों ने थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दर्रापारा (केशोडार) में घर-घर पहुंचकर कुल 105 मकानों का भौतिक सत्यापन किया।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान किराए पर रहने वाले लोगों की पहचान, निवास संबंधी जानकारी और पृष्ठभूमि का सत्यापन किया गया। साथ ही मकान मालिकों से किरायेदारों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में भरवाकर प्राप्त की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय होने के कारण गरियाबंद में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा रोजगार और व्यवसाय के लिए बड़ी संख्या में बाहरी लोग निवास करते हैं। ऐसे में उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और आवश्यक सत्यापन कराना सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई तथा उनके मूल निवास स्थान के संबंधित थानों से आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी मंगाई जा रही है। पुलिस ने आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही है।
इस दौरान मकान स्वामियों को समाधान ऐप की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक इस ऐप के माध्यम से भी अपने किरायेदारों का ऑनलाइन सत्यापन करा सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों को ऐप के उपयोग और इसके महत्व के बारे में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक सत्यापन कराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में इस प्रकार के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने नगरवासियों से किरायेदारों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग देने का आग्रह किया है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




