गरियाबंद/मैनपुर-:इंदागांव थाना प्रभारी ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता से महिला और नवजात शिशु को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी, जिससे दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर इंदागांव थाना के समीप एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द इतना अधिक था कि महिला ने सड़क किनारे ही नवजात शिशु को जन्म दे दिया। मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इंदागांव थाना प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार विजयवार तत्काल मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस के पहुंचने का इंतजार करने के बजाय उन्होंने तत्काल निर्णय लेते हुए महिला और नवजात शिशु को अपने निजी वाहन में सुरक्षित बैठाया और सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मां और नवजात का उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई और वर्तमान में जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
थाना प्रभारी की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस का यह संवेदनशील और सेवा भाव से भरा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। संकट की घड़ी में इंदागांव पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता ने एक बार फिर पुलिस के जनसेवा और मानवता के प्रति समर्पण को साबित किया है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com



