भारतीय किसान यूनियन खाद कटौती के खिलाफ बड़ा आंदोलन की तैयारी 

SHARE:

गरियाबंद/राजिम -:खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को खाद की कमी और वितरण में कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को राजिम रेस्ट हाउस में भारतीय किसान यूनियन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 जून को आयोजित विशाल ट्रैक्टर रैली में शामिल किसानों के साथ संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया और किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

 

बैठक में किसानों ने बताया कि खरीफ फसल की बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन सहकारी समितियों और सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं है। शासन द्वारा खाद के कोटे में कटौती किए जाने से किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों का आरोप है कि खाद की कमी के कारण उन्हें निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है।

 

समीक्षा बैठक में खाद की किल्लत, कालाबाजारी, वितरण व्यवस्था की खामियों तथा किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो किसानों की खरीफ फसल प्रभावित हो सकती है।

 

बैठक में संगठन ने आगामी दिनों में व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार की। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो जिला एवं प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध और उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने शासन से तत्काल खाद आपूर्ति बढ़ाने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment