फिंगेश्वर -:ग्राम पंचायत कुंडेल को आज एक महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। फिंगेश्वर राज दरबार के सर्वराकार राजा साहब नीलेंद्र बहादुर सिंह ने बजरंग बली मंदिर के समीप स्थित अपनी निजी भूमि ग्राम के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों के लिए दान स्वरूप प्रदान कर दी है।
बताया गया कि उक्त भूमि पर पूर्व में बाड़ा हुआ करता था, जो वर्तमान में रिक्त थी। ग्राम पंचायत द्वारा लंबे समय से इस भूमि की मांग की जा रही थी। सरपंच गज्जू सिन्हा, उपसरपंच एवं समस्त पंचगणों के निरंतर प्रयासों के बाद राजा साहब ने ग्रामहित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि राजा साहब द्वारा पूर्व में भी ग्राम विकास के लिए कई निजी भूमियां दान की गई हैं, जिन पर वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, रंगमंच, शनि मंदिर मार्ग सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण किया गया है। उनके इस योगदान से ग्राम के विकास को लगातार नई दिशा मिल रही है
भूमि दान की घोषणा के बाद ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। समस्त ग्रामवासियों ने राजा नीलेंद्र बहादुर सिंह के इस पुनीत कार्य के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगी और ग्राम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




