खुशियों के बीच ‘धमाका’ बना आफत: बारात की आतिशबाजी से पैरावट धधकी, शादी मंडप तक पहुंची आग

SHARE:

गरियाबंद/पाण्डुका। ग्राम अतरमरा में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारात स्वागत के दौरान की गई आतिशबाजी से निकली चिंगारी कोठार में रखे पैरावट पर जा गिरी और देखते ही देखते भीषण आग में तब्दील हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, गांव में शादी का उत्सव पूरे शबाब पर था। दूल्हा बारात के साथ दुल्हन के घर पहुंच चुका था और घराती-बाराती बैंड-बाजे की धुन पर जमकर थिरक रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी के बीच एक फटाके की चिंगारी पास में रखे पैरावट में जा गिरी, जिससे अचानक आग भड़क उठी।

 

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और शादी समारोह में भगदड़ जैसे हालात बन गए। जहां एक ओर शादी का पंडाल लगा हुआ था, वहीं दूसरी ओर आग तेजी से फैल रही थी, जिससे अनहोनी का डर लोगों के चेहरे पर साफ दिखाई देने लगा। खुशियों का माहौल पलभर में चिंता और दहशत में बदल गया।

 

गांव के लोग तुरंत शादी समारोह छोड़ आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों और युवकों ने बाल्टी, पानी और अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोविन्द तिवारी ने तत्काल कृष्णा जांगड़े को सूचना देकर फायर ब्रिगेड और पुलिस सहायता की मांग की।

 

सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे के भीतर राहत कार्य शुरू हुआ और कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग 12 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

 

ग्रामीणों ने थाना प्रभारी कृष्णा जांगड़े एवं उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते सहायता मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई। वहीं गांव के युवकों की सूझबूझ, साहस और शुरुआती प्रयासों को भी लोगों ने बेहद सराहनीय बताया, जिनकी मदद से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आग को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सका।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई