सुशासन तिहार या ‘धोखा 2.0’?—40 लाख आवेदन का हिसाब दो, जनता जवाब मांग रही
फिंगेश्वर-:सुशासन तिहार को लेकर सियासत तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने इस अभियान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “जनता के साथ धोखा 2.0” करार दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार लाखों आवेदन लेने के बावजूद सरकार समाधान देने में पूरी तरह विफल रही, जिससे लोगों में भारी नाराज़गी है।
रूपेश साहू ने आरोप लगाया कि पिछले सुशासन तिहार में 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन ज्यादातर मामलों में सिर्फ औपचारिकता निभाई गई और समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। ऐसे में फिर से वही प्रक्रिया दोहराना सिर्फ जनता को गुमराह करने जैसा है।
उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार—
10 लाख से अधिक आवेदन प्रधानमंत्री आवास के लिए
2 लाख से ज्यादा उज्ज्वला गैस योजना के लिए
लगभग 1.75 लाख नए राशन कार्ड के लिए
70 हजार से अधिक सड़क, पुल-पुलिया निर्माण के लिए
और 25 लाख से ज्यादा अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन दिए गए थे
“इनमें से कितनों का समाधान हुआ? सरकार को इसकी पूरी सूची सार्वजनिक करनी चाहिए,” साहू ने सवाल उठाया।
उन्होंने सरकार की घोषणाओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि—
₹500 में गैस सिलेंडर देने का वादा अब तक अधूरा है
1 लाख सरकारी नौकरी और बड़े पैमाने पर भर्ती का दावा पूरा नहीं हुआ
महिला स्व-सहायता समूहों को काम नहीं मिला
महतारी वंदन योजना से बड़ी संख्या में महिलाएं वंचित हैं
पेयजल, शिक्षा और रोजगार जैसे मूल मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं
साहू ने कहा कि जब पिछले आवेदनों के निराकरण के लिए बजट में कोई प्रावधान ही नहीं किया गया, तो सुशासन तिहार का उद्देश्य क्या है? “यह सिर्फ सरकारी प्रचार-प्रसार का माध्यम बनकर रह गया है,”
उन्होंने आरोप लगाया।
अंत में उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार का असली काम सिर्फ प्रोपोगंडा करना रह गया है, जबकि जनता कुशासन से परेशान है। सुशासन तिहार असल में ढकोसला साबित हो रहा है।”
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




