ऑपरेशन के बाद आरक्षक की मौत: परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया गंभीर आरोप

SHARE:

बिलासपुर-:पथरी के ऑपरेशन के बाद एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

 

मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम एरमशाही निवासी सत्यकुमार पाटले (36), जो सरकंडा थाने में पदस्थ आरक्षक था, को 26 अप्रैल को पेट में तेज दर्द होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने पथरी का ऑपरेशन करने की सलाह दी। 29 अप्रैल को ऑपरेशन किया गया, जिसे डॉक्टरों ने सफल बताया था।

 

परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत सामान्य थी, लेकिन अगले दिन अचानक तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अस्पताल स्टाफ ने कई घंटों तक उचित इलाज नहीं किया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।

 

मरीज को बाद में वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण ही एक सामान्य ऑपरेशन के बाद जान चली गई।

 

सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

 

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मरीज की मौत हार्ट अटैक से हुई है और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।

 

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment