गरियाबंद-:जिले के पथर्री ग्राम से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी बुजुर्ग पिछले 6 महीनों से वृद्धा पेंशन और उचित मूल्य की दुकान से राशन नहीं मिलने के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ न मिलने से बुजुर्ग की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं और उसकी स्थिति दिन-ब-दिन दयनीय होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित जब राशन लेने दुकान पहुंचता है तो मशीन में उसका फिंगरप्रिंट स्वीकार हो जाता है, लेकिन ई-केवाईसी फेल होने के कारण उसे राशन नहीं मिल पा रहा। इसी तकनीकी समस्या के चलते उसकी पेंशन भी कई महीनों से खाते में जमा नहीं हो रही है।
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि उसने ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर 6 महीने तक जिम्मेदार विभाग क्या कर रहे थे और क्यों एक जरूरतमंद बुजुर्ग को योजनाओं से वंचित रहना पड़ा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि सिस्टम की बड़ी खामी को दर्शाता है, जहां तकनीकी गड़बड़ियों का खामियाजा गरीब और असहाय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
इधर, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजिम एसडीएम विशाल महाराणा ने कहा कि शिकायत की जानकारी प्राप्त हुई है।
संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि बुजुर्ग की ई-केवाईसी समस्या का समाधान कर राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए और लंबित पेंशन का भुगतान भी जल्द किया जाए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर तकनीकी खामियों के कारण कब तक गरीब और जरूरतमंद लोग परेशान होते रहेंगे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




