ताबड़तोड़ चोरी से दहशत: चरौदा में एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
गरियाबंद-:जिले के ग्राम पंचायत चरौदा में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देते हुए एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों में लाखों रुपए की चोरी कर ली।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुरेंद्र सेन, चेतन पटेल और नरेंद्र साहू के घरों को निशाना बनाया। तीनों घरों में घुसकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। खास बात यह है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से एक साथ तीनों वारदातों को अंजाम दिया, जिससे संगठित गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गांव में सरपंच के किराना दुकान में चोरी और आगजनी की घटना सामने आ चुकी है, लेकिन अब तक उन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब और गांजा की खुलेआम बिक्री को बढ़ते अपराध का मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि इन अवैध गतिविधियों के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं, जिससे चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले जाती है, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया जाता है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन लगातार हो रही वारदातों ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




